बेंगलुरु । कर्नाटक के चिक्कानायकनहल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बाइक रैली में भाग लिया। अप्रैल-मई में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर भाजपा ने राज्य में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इस दौरान नड्डा ने साफ तौर पर कहा कि आपका उत्साह इस बात को स्पष्ट करता है, कि आने वाले समय में आप बीजेपी को ही वोट देने वाले हैं। उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत सालाना 6 हजार रुपए की सहायता दी जा रही है और इसका फायदा कर्नाटक के लाखों किसानों को भी हो रहा है। उन्होंने साथ ही दावा किया कि हवाई अड्डों, राजमार्गों और एक्सप्रेसवे के निर्माण के साथ कर्नाटक तेजी से विकास कर रहा है।
इस दौरान नडडा ने कांग्रेस पर निशाना साधकर कहा कि कांग्रेस पार्टी मतलब कमीशन, भ्रष्टाचार, वंशवादी शासन और अपराधीकरण है। जबकि भाजपा का मतलब विकास, विकास और विकास है। उन्होंने कहा कि हाल ही में पूर्वोत्तर के राज्यों में संपन्न हुए चुनावों में कांग्रेस की करारी हार हुई। हालांकि इन राज्यों में बीजेपी-एनडीए की सरकार बनी थी। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला कर कहा कि राहुल ने इंग्लैंड में भारत की संप्रभुता को चुनौती दी। उन्होंने भारतीय लोकतंत्र पर सवाल उठाए। उन्हें आपके वोटों के जरिए करारा जवाब देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लंदन जाकर बोलते हैं, कि भारत की प्रजातंत्र को खतरा है। चुनाव न जीतो तब प्रजातंत्र को खतरा है और चुनाव हार जाओ तब ईवीएम का नाम लेते हैं। 
नड्डा ने कहा था कि कांग्रेस ने भारत के डिजिटलीकरण की आलोचना करते हुए दावा किया कि यह भारत में संभव नहीं है। हालाँकि, आज दुनिया में 40 प्रतिशत डिजिटल लेनदेन भारत में हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने कर्नाटक की तस्वीर बदल दी है। इसने तीव्र गति से विकास किया है। एफडीआई, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, इनोवेशन इंडेक्स और स्टार्टअप्स में कर्नाटक नंबर वन है। उन्होंने कहा था कि जिस प्रकार से कांग्रेस पार्टी आज मानसिक दिवालियापन की ओर जा रही है, यह देश के लिए निंदनीय है, दुखदायी है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए... कम है। कांग्रेस का काम विभाजन करना, भाई को भाई से लड़ाना, समाज से समाज को लड़ाना है।