रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने देसी अंदाज के लिए जाने जाते हैं।  मूल रूप से छत्तीसगढ़ी किसान परिवार से आने वाले भूपेश बघेल सीएम होने के बावजूद आज भी आम छत्तीसगढ़ी जैसे है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर में आज भी छत्तीसगढ़ी पकवानों को उतने ही चाव से बनाया जाता है जितना की एक ठेठ छत्तीसगढ़ी परिवार के लोग बनाते हैं।

चाहे हम तीज त्योहार की बात करें या फिर घर पर बनाई जाने वाली मौसमी चीजों की जिसमें बड़ी, बिजौरी, लाई ये सब सर्दी के मौसम में बनाए जाने वाले मुख्य व्यंजन है, जिसे सर्दी के मौसम में हर छत्तीसढ़िया घर में बनाते दिखेंगे जब भी मौका मिले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का लुत्फ उठाते हैं। 

सीएम बघेल ने अपनी पत्नी के हाल ही के एक तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया है। जिसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पत्नी मुक्तेश्वरी बघेल लाइ बरी और बिजौरी बरी बनाने की तैयारी में जुट गईं हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल  ने ट्वीट कर लिखा- घर मा लाइ बरी बनाए के तइयारी चलत हे। आप मन के घर म घलो कोंहड़ा, रखिया अउ अदौरी बरी बनत होही।  संग म बिजौरी घलो।

मुख्यमंत्री ने अपने घर की जानकारी देते हुए दूसरों से भी उनकी तैयारी पूछ ली है। उन्होंने लिखा आपके घर में भी कोंहड़ा बड़ी, रखिया बड़ी और अदौरी बड़ी बन रही होगी। उसके साथ बिजौरी भी बन रहा होगा। लाई बड़ी छत्तीसगढ़ की बहुत लोकप्रिय स्नैक्स है। इसे धान को रेत में भूनकर बनाई गई लाई से बनाया जाता है। इसकी रेसिपी भी काफी आसान है। लाई को कुछ देर के लिए पानी में भिगोकर नर्म किया जाता है। उसके बाद उसमें तिल, अदरक, मिर्च, लहसून और कभी-कभी दरदरी पिसी लाल मिर्च का पेस्ट और स्वाद के मुताबिक नमक मिलाकर बड़ी बना दी जाती है। सूख जाने पर इस बड़ी को स्टोर कर रख लिया जाता है। यह काफी दिनों तक सुरक्षित रखी जा सकती है।

यह पहली बार नहीं है जब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोई देसी व्यंजन बनाते हुए पत्नी की तस्वीर सोशल मीडिया पर डाली हो। वे अक्सर ऐसी तस्वीरें और सूचनाएं डालते रहते हैं।