अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति, मनसे व कांग्रेस ने कार्यक्रम रोकने की मांग की 


मुंबई । बागेश्वर धाम के विवादित कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का शनिवार को मीरा-रोड में आगमन हो रहा है। इस कार्यक्रम का आयोजन भारतीय जनता पार्टी की ओर से किया गया है। हालांकि, इस कार्यक्रम को लेकर शहर में भारी विरोध भी हो रहा है। अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति ने पुलिस से शिकायत की है, तो वहीं मनसे ने भी इस कार्यक्रम को रोकने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि बीजेपी की विधायक गीता जैन, जिलाध्यक्ष रवि व्यास, कोषाध्यक्ष सुरेश खंडेलवाल की ओर से शनिवार और रविवार को प्रवचन कार्यक्रम आय़ोजित किया गया है। लगभग 7 एकड़ मैदान में इसकी तैयारी की गई है।
विवादित कथावाचक के इस कार्यक्रम को लेकर राज्य भर में विरोध हो रहा है। मीरा-भाईंदर में भी इसका विरोध शुरू हो गया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नाना पाटोले ने धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम का विरोध किया है, तो वहीं मीरा-भाईंदर मनसे नेता संदीप राणे ने भी इस कार्यक्रम पर रोक लगाने की मांग की है। महाराष्ट्र राज्य अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति ने इस कार्यक्रम को रोकने के लिए पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। विधायक गीता जैन ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री लोगों की आस्था का प्रतिनिधित्व करते हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष रवि व्यास ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले के बयान पर कहा कि कांग्रेस हमेशा से हिन्दू विरोधी रही है। वह तुष्टिकरण की राजनीति करती रही है।
मध्य प्रदेश में छतरपुर का गांव है गढ़ा, यहीं पर बागेश्वर धाम सरकार का आश्रम है। यहां के कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री मुंबई से ही सबसे ज्यादा चर्चा में आए थे। वह अब इस बार मीरा रोड में 18 व 19 मार्च को अपना दरबार लगाने जा रहे हैं। मुंबई से सटे मीरा रोड भाईंदर में एसके स्टोन चौकी के करीब सेंट्रल पार्क मैदान में आयोजन की व्यस्था की गई है। आलीशान मंच तैयार किया गया है। बागेश्वर धाम सरकार के दरबार में दर्शन की व्यवस्था शाम को 5 बजे से रात 9 बजे के बीच की गई है। अनुमान है कि यहां पर 50 हजार से 1 लाख के बीच बागेश्वर धाम के भक्त आ सकते हैं। इससे पहले भी बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री मीरा रोड आ चुके हैं।