राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने 22 साल से फरार चल रहे आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी राम सिंह कंजर पुत्र मन्ना झालावाड़ का रहने वाला है। वह धनेसरी इलाके में लूट, डकैती और ट्रिपल मर्डर के मामले में फरार चल रहा था, जिसके अब पुलिस ने गिरफ्तार किया है।  

एसपी अनिल कुमार बेनीवाल ने बताया कि 19 मार्च 2001 की रात कोतवाली थाना क्षेत्र के धनेसरी गांव में हथियारों से लैस होकर आए अज्ञात बदमाश फायरिंग करते हुए भारी मात्रा में अफीम, नकदी और जेवरात लूटकर ले गए थे। इस घटना में गांव के निर्भय राम कुमावत, चैन राम भांभी और प्रकाश मीणा की मौत हो गई और काफी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना पर आईपीसी की संबंधित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान के दौरान इस कांड को अंजाम देने वाले सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा चुका है। आरोपी राम सिंह कंजर घटना के बाद से फरार चल रहा था।

एसपी बेनीवाल के निर्देश पर जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिये अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत  मंगलवार को पुलिस टीम ने आरोपी राम सिंह को 22 साल बाद गिरफ्तार किया है।